खैरीघाट (बहराइच)। खैरीघाट थाने से चंद कदमो की दूरी पर स्थित बेहड़ा मोहल्ले में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। तीन घरों से लाखों के जेवर व नकदी पार कर दी। बेहड़ा निवासी आनंद विहारी उर्फ लल्लू पांडे ने बताया कि चोर उनके घर में लकड़ी के लट्ठे के सहारे दाखिल हुए और सोने-चांदी के जेवर व नकदी उठा ले गए। लक्ष्मीकांत बाजपेई के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया।
उन्होंने बताया कि चोर घर में घुसे तो उनकी बेटी सोनाली (18) जग गई। चोरों ने उसके माथे पर कट्टा लगा दिया। इसके बाद जेवर-नकदी ले गए। उग्रसेन सिंह के घर में भी चोर घुस गए। घरवाले जाग गए इसलिए चोर ज्यादा सामान नहीं ले जा पाए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष निखिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।