बहराइच। पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने व गोशाला में मौजूद गोवंशों को हरा चारा उपलब्ध करवाने के लिए डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने पराली दान करने की अपील की थी। इसके बाद मंगलवार को जिले के पांच ग्राम प्रधानों ने गोशाला के लिए 200 क्विंटल पराली दान की। डीएम ने पराली दान करने वाले ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
चित्तौरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत टेड़िया की प्रधान मालती सिंह, हुजूरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत ज्ञानापुर की प्रधान मंजू देवी, पयागपुर की ग्राम पंचायत त्रिकोलिया के ग्राम प्रधान सोनू सिंह, कटरा बहादुर चक के प्रधान रामकुमार यादव व चित्तौरा के सिसैयाचक के ग्राम प्रधान अमरनाथ यादव ने 200 क्विंटल पराली दान की। सभी ग्राम प्रधानों को डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशस्त्रि पत्र व शॉल देकर सम्मानित किया।