बहराइच। धनतेरस व दीपावली के लिए बाजार सजकर तैयार हो गया है। गहनों की दुकानें जगमगा रही है तो बर्तन की दुकानें भी चमक बिखेर रही है। शहर के घंटाघर, पीपल चौराहा, छावनी बाजार, अग्रसेन चौराहा, छोटी बाजार व पानी टंकी पर सजी दुकानें ग्राहकों को आकर्षित कर रहीं हैं। व्यापारी खास छूट भी दे रहे हैं। हालांकि, व्यापारी बीते साल जैसा कारोबार होेने की उम्मीद ही जता रहे हैं। बीते साल दीपावली पर कोरोना का असर था और कारोबार बमुश्किल 50 करोड़ का आंकड़ा छू पाया था। इस बार कोरोना तो नहीं लेकिन बाढ़ ने काफी तबाही मचाई है। ऐसे में व्यापारी 50 करोड़ के आसपास ही कारोबार होने की उम्मीद जता रहे हैं।
दुकानदार शॉपिंग माल की तर्ज पर ग्राहकों को खरीदारी पर गिफ्ट दे रहे हैं। दुकानदारों का मानना है कि निश्चित कीमत की खरीदारी पर उपहार मिलने से ग्राहकों के चेहरे पर रौनक आ जाती है। वहीं, दुकानदार अपनी दुकानों को रंगीली झालरों से सजा रहे हैं। लक्ष्मी-गणेश, शिव-पार्वती के चित्रों के अलावा अन्य धार्मिक पोस्टर भी दुकानों पर लगे हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों में हर आइटम की खरीदारी पर कुछ न कुछ गिफ्ट रखकर ग्राहकों को लुभाने की कोशिश है। कारोबारियों की मानें तो एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर ग्राइंडर की सबसे ज्यादा मांग है। बिना ब्याज किस्त पर भी सामान देने की व्यवस्था है।
धनतेरस पर बाइक व स्कूटी की मांग बढ़ गई है। लोग पहले से ही बुकिंग करा रहे हैं। अब तक जिले में एक हजार से अधिक बाइक व नौ सौ से अधिक स्कूटी की बुकिंग हो चुकी है। लोग धनतेरस के शुभ अवसर पर गाड़ी की खरीदारी करेंगे।
सर्राफा कारोबारी व व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष राकेश वर्मा ने बताया कि जनपद में सराफा का एक करोड़ से ऊपर का कारोबार होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पूरे बाजार की बात की जाए तो बीते साल कोरोना की वजह से कारोबार 50 करोड़ तक सीमित रहा था। इस बार बाढ़ का असर है। ऐसे में बीते साल के मुकाबले बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं लग रह है। साड़ी व्यापारी सुमित कनौड़िया ने बताया कि पांच करोड़ से ऊपर कपड़े का व्यापार होने की उम्मीद है। बर्तन व्यापारी शशिकांत सिंह टीशू ने बताया कि आठ करोड़ से ऊपर के कारोबार की उम्मीद है। व्यापारी मनीष मल्होत्रा ने बताया कि 10 करोड़ से अधिक के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बिक सकते हैं। बाइक एजेंसी मालिक अशोक कुमार गर्ग ने बताया कि जिस तरह से बुकिंग हो रही है उससे 27 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।
धनतेरस त्रयोदशी तिथि में मनाया जाता है। त्रयोदशी तिथि शनिवार की शाम 4 बजकर 33 मिनट से शुरू हो जाएगी और रविवार की शाम 5 बजकर 5 मिनट तक रहेगी। धनतेरस शनिवार को ही मनाया जाएगा। प्रदोष काल 5 बजकर 39 मिनट से रात्रि 8 बजकर 3 मिनट तक रहेगा। 7 बजकर 16 मिनट से 9 बजकर 12 मिनट तक स्थिर लग्न है इसलिए धनतेरस पूजा के लिए शाम 5 बजकर 39 से रात 9 बजकर 12 मिनट तक समय शुभ है।
- पंडित अनंत पाठक