बहराइच। सोशल मीडिया पर रिसिया थाना परिसर के अंदर किन्नरों के नृत्य का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ किन्नर थाना परिसर के अंदर भक्ति भजनों पर नृत्य करते देखे जा रहे हैं। बताया जाता है कि किन्नरों के साथ कुछ माह पूर्व मारपीट हुई थी। किन्नरों ने थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर वे नृत्य कर विरोध जता रहे थे। हालांकि, रिसिया थाना प्रभारी ने इस बात का खंडन किया है और थाने के मंदिर के बाहर नृत्य करने की बात कही है।
सोशल मीडिया पर रिसिया थाना परिसर में घुंघरू, मंजीरे व ढोल की थाप पर नृत्य करते किन्नरों का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ किन्नर भक्ति भजनों पर झूमते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो को लेकर चर्चा है कि कुछ दिन पूर्व किन्नरों की आपस में लड़ाई हुई थी। इस पर किन्नरों ने रिसिया थाने में तहरीर देकर शिकायत की थी, लेकिन घटना के लगभग एक महीने बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। विरोध जताने के लिए किन्नरों ने थानाध्यक्ष इंद्रजीत यादव के कक्ष के बाहर नृत्य कर विरोध जताया। इस संबंध में जब थानाध्यक्ष इंद्रजीत यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि किन्नर समाज के लोग थाना परिसर के मंदिर के बाहर नृत्य कर रहे थे। ऐसा क्यों कर रहे थे इस सवाल का जवाब वे नहीं दे पाए।