फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अपात्रों को राहत सामग्री बांटने का आरोप, प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
गायघाट (बहराइच)। मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र बाढ़ की समस्या से प्रभावित है। काफी संख्या में बाढ़ पीड़ितों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को एसडीएम की ओर से ग्राम सभा कुड़वा में राहत सामग्री का वितरण कराया गया था। इसमें कई गांवों के लोगों को राहत सामग्री वितरित की गई थी। सोमवार को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम द्वारा अपात्रों को राहत सामग्री वितरित करने का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे सांसद अक्षयवर लाल गोंड ने इसकी शिकायत डीएम डॉ. दिनेश चंद्र से की। डीएम ने एडीएम को जांच के लिए मौके पर भेजने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

तहसील मिहींपुरवा अंर्तगत ग्राम सभा कुड़वा के मजरा चमारनपुरवा में बलहा विधायक प्रतिनिधि आलोक कुमार जिंदल, एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी समेत अन्य लोगों की मौजूदगी में रविवार को राहत सामग्री वितरण किया गया था। जिसमें ग्राम सभा परवानी गौढ़ी, मिहींपुरवा कस्बा, टीचर्स कॉलोनी व गुलालपुरवा के लोगों ने राहत सामग्री प्राप्त की थी। सोमवार को इसकी जानकारी होने पर बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के पीड़ितों ने तहसील मुख्यालय के निकट स्थित गल्ला मंडी परिसर में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर उन्होंने एसडीएम के विरुद्ध नारेबाजी भी की। मौके पर पहुंचे सांसद अक्षयवर लाल गोंड से ग्रामीणों ने बताया कि वह लोग बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र के हैं। प्रशासन द्वारा उन्हें अब तक कोई राहत सामग्री नहीं प्रदान की गई है। जबकि बीते तीन दिन से ऐसे स्थानों पर राहत सामग्री वितरित की जा रही है जहां बाढ़ की समस्या ही नहीं है। इसके बाद सांसद ग्रामीणों के साथ एसडीएम के पास पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीएम ज्ञान प्रकाश से इस संबंध में पूछताछ की। सांसद के ओर से किए गए सवालों से एसडीएम असहज नजर आए और वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इस पर सांसद ने डीएम से फोन कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। सांसद की शिकायत पर डीएम ने एडीएम मनोज को जांच के लिए मौके पर भेजने का आश्वासन दिया है। बाढ़ पीड़ितों ने इस अवसर पर अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सांसद को सौंपा।
विज्ञापन

तहसील मिहींपुरवा में प्रदर्शन कर रहे बाढ़ पीड़ितों को मनाने के लिए एडीएम मनोज मौके पर पहुंचे। उन्होंने सांसद व बाढ़ पीड़ितों से वार्ता कर बाढ़ राहत सामग्री के वितरण में हुई अनियमितता की जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही एडीएम ने सभी बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने की बात कही। एडीएम के आश्वासन के बाद बाढ़ पीड़ितों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें