मिहींपुरवा (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की मोतीपुर रेंज में हाथी जंगल से निकलकर आबादी क्षेत्र की ओर रुख कर रहे हैं। रविवार को जंगली हाथियों ने हंसुलिया गोशाला पहुंच कर खंभे तोड़ दिए। पास ही मौजूद खेतों में भी कई मचान गिरा दिए। इससे ग्रामीण डरे हुए हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरोज रावत ने बताया कि ग्रामीणों ने हाथियों को जंगल में खदेड़ दिया।
सोमवार को भी हाथी जंगल से निकलकर पेटरहा की ओर जाते देखे गए। ये जंगली हाथी नेपाल के बताए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारी बताते हैं कि हाथियों का झुंड दो भागों में बंट गया है। इसी के चलते ये इधर-उधर भटक रहे हैं। वन कर्मी लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। वन क्षेत्राधिकारी मुर्तिहा अशोक कुमार त्यागी ने बताया कि लगभग 25 की संख्या में जंगली हाथियों का झुंड घूम रहा है। ये दो भागों में बंट गए हैं। इसी वजह से एक-दूसरे की तलाश में भटक रहे हैं। जब तक ये मिलेंगे नहीं तब तक भटकते रहेंगे।