बौंडी (बहराइच)। विकासखंड तेजवापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चंदनापुर सिकड़िहा के मजरा सिकड़िहा स्थित गावट मंदिर पर आयोजित होने वाली नौ दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु मधुर भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। कलश यात्रा विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुन: मंदिर परिसर में आकर समाप्त हुई।
नौ दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर आयोजित भव्य कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं समेत अन्य श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई बेड़नापुर पहुंची। जहां श्रद्धालुओं ने सरयू तट से जल भरकर बेड़नापुर, तेलिनपुरवा, गनियापुर, नहकटिया गांव होते हुए गावट माता मंदिर पहुंची। जहां कथा स्थल पर कलश को स्थापित किया गया। कलश यात्रा में काफी संख्या में वाहन सवार युवक भी शामिल रहे। कथा के मुख्य यजमान ग्राम प्रधान चंदनापुर रामछबीले निषाद ने बताया कि अयोध्या से पधारे कथावाचक सुखनंदन सांवरिया जी महाराज द्वारा संगीतमयी कथा का वाचन किया जाएगा। कलश यात्रा में शिवकुमार मौर्य, मिट्ठू लाल, संतोष निषाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।