महसी (बहराइच)। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दावे बुधवार को खोखले नजर आए। महसी के ग्राम सैयद नगर कोला में गर्भवती को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। नाव न मिलने पर परिवारवाले उसे चारपाई पर लादकर तीन किलोमीटर पैदल चले।
इसके बाद एंबुलेंस मिली तो स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सैय्यद नगर कोला निवासी मुलुन को बुधवार की सुबह प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। पति खुर्शीद ने नाव मंगाने के लिए काफी मशक्कत की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से मुलुन को एक चारपाई पर लादकर तीन किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। यहां एंबुलेंस मिलने पर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया गया।