नवाबगंज (बहराइच)। तेज बरसात के बीच शुक्रवार की सुबह ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने से अचानक वोल्टेज बढ़ने से कई घरों के विद्युत उपकरण जल गए। बिजली गिरने की आवाज से ग्रामीण भी सहम गए। ग्रामीणों ने हाई वोल्टेज की जानकारी विद्युत विभाग को दी है।
नवाबगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रहीम नगर धोबाही के मजरा तेलियनपुरवा में सुबह करीब चार बजे ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने से अचानक बिजली आपूर्ति के दौरान अधिक वोल्टेज होने से कई ग्रामीणों के विद्युत उपकरण जल गए। जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण सतीश सिंह, ब्रह्म सिंह, दुखहरण सिंह, उमेद सिंह, पप्पू सिंह व सुरेंद्र सिंह के घर में लगे पंखे, बल्ब समेत अन्य कई विद्युत उपकरण जल गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को दी है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग की ओर से लाइन काटते हुए शीघ्र मरम्मत का आश्वासन दिया गया है। (संवाद)