बहराइच। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में नवरात्रि के मौके पर सोमवार को महागौरी की स्तुति की गई। अष्टमी के मौके पर मंदिरों में कन्या भोज का आयोजन कर विधि-विधान से हवन किया गया। मंदिरों में मुंडन संस्कार की भी धूम रही। पूजा पंडालों में देर रात तक माता रानी की महाआरती का सिलसिला चलता रहा। माता भगवती के साथ रात भर जागरण का कार्यक्रम चलता रहा।
अष्टमी के मौके पर सोमवार को सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों में उमड़ती रही। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर कन्या भोज का आयोजन कर विधि-विधान के साथ हवन कर माता रानी की आराधना की। शहर के 1500 पूजा पंडालों में सोमवार को श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को नजर आया। श्रद्धालु सुबह से ही माता रानी की महाआरती की तैयारी को लेकर काफी उत्साहित दिखाई दिए। पूजा पंडालों में कन्याओं द्वारा आरती का थाल सजाकर देर रात तक महाआरती का सिलसिला चलता रहा।
शहर के मेवातीपुरा स्थित गावट माता मंदिर में सजाए गए पूजा पंडाल में अष्टमी के मौके पर महाआरती कर माता रानी की पूजा-अर्चन की गई। जिले के कई स्थानों पर स्थापित माता रानी के पूजा पंडालों में बीते रविवार को माता भगवती के जागरण का सिलसिला चलता रहा। पंडालों में गैर जनपद से आए कलाकारों द्वारा पूरी रात माता जी के भजनों व झांकियों की मनमोहक प्रस्तुति की गई। मंदिरों में लोगों ने अष्टमी के शुभ मुहूर्त को देखते हुए काफी संख्या में बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया।