नानपारा। कोतवाली क्षेत्र में दो महिलाओं के शव फंदे से लटकते मिले। एक मामले में महिला के मायकेवालों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोतीपुर थाना क्षेत्र के सर्रा मुंदरी निवासी ललिता देवी का विवाह 15 वर्ष पूर्व नानपारा कोतवाली क्षेत्र के विश्वनाथ गांव निवासी राजित राम के साथ हुआ था। रविवार की रात ललिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
ललिता के पिता रामदीन ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए बेटी से मारपीट की जाती थी। अक्सर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। रविवार रात दामाद राजितराम, ससुर रमेश व सास रीना देवी ने ललिता की हत्या कर दी। रामदीन की तहरीर पर नानपारा पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की वजह पता चल सकेगी।
वहीं, खैरीघाट थाना क्षेत्र के संकल्पा गांव निवासी फूलमती (48) का शव सोमवार को नानपारा कोतवाली क्षेत्र के वैनिया गांव में नीम के पेड़ से लटकता मिला। गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फूलमती के बेटे ओमप्रकाश ने तहरीर देकर बताया कि फूलमती रविवार शाम घास काटने की बात कहकर घर से निकलीं थीं। इसके बाद से उनकी खोजबीन की जा रही थी। तहरीर में ओमप्रकाश ने यह भी बताया कि उसकी मां का पिछले चार-पांच सालों से ककरी निवासी अशोक के साथ अवैध संबंध था और आए दिन दोनों में तकरार होती रहती थी। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर ने बताया कि ओमप्रकाश ने तहरीर देकर अवैध संबंध की बात कही है, लेकिन किसी भी प्रकार का आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।