बहराइच। शुक्रवार की रात हुई बारिश से काफी नुकसान हुआ है। कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ हुई बारिश से धान की फसल गिर गई। नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र में बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रांसफॉर्मर जल गया।
नवाबगंज की ग्राम पंचायत बसंतपुर कालिका के मजरा सद्दू में शुक्रवार रात लगभग 11:30 बजे बारिश के दौरान राम खेलावन वर्मा के मकान पर बिजली गिर गई। इससे मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि बिजली मकान के एक हिस्से पर गिरी। परिवार के लोग दूसरे हिस्से में सो रहे थे जिससे वे बाल-बाल बच गए। वहीं, राम खेलावन के मकान से कुछ कदम की दूरी पर स्थित ट्रांसफॉर्मर भी जल गया जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता शहाबुद्दीन ने बताया कि दो-तीन दिन में नया ट्रांसफॉर्मर लगवा दिया जाएगा। वहीं, चित्तौरा ब्लॉक निवासी किसान रामकिशुन ने बताया कि उनकी लगभग धान की दो बीघा फसल गिर गई। उन्होंने बताया कि बालियां निकल आईं थीं जिसके चलते फसल तेज हवा झेल नहीं पाई। मिहींपुरवा के किसान केवले प्रसाद व भूरे ने भी धान की फसल को नुकसान की बात बताई।