खैरीघाट (बहराइच)। चौगोई गांव में कब्जा हटाने गए लेखपाल से पूर्व विधायक ने अभद्रता की। मारने के लिए दौड़ाया तो उन्होंने ग्रामीणों की मदद से भागकर खुद को बचाया। इसके बाद लौटते समय पूर्व विधायक ने एक ग्रामीण को पीट दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने लेखपाल व ग्रामीण की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के चौगोई गांव में रास्ते व होलिका दहन स्थल पर कब्जे की शिकायत की गई थी। मंगलवार को लेखपाल संजीव कुमार थाने के पुलिसकर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे। लेखपाल ने पैमाइश के लिए निशान लगाया। इसके बाद अतिक्रमणकर्ता देशराज से टटिया हटाने के लिए कहा। आरोप है कि तभी देशराज के सहयोग में पूर्व विधायक दिलीप वर्मा अपने सात साथियों के साथ पहुंच गए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए लेखपाल को दौड़ा लिया। लेखपाल ने ग्रामीणों की मदद से भागकर खुद को बचाया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
आरोप है कि लौटते समय दिलीप वर्मा ने ग्रामीण छब्बेलाल मौर्या को रोककर पीटना शुरू कर दिया। ग्रामीण जुटने लगे तो दिलीप मौर्या चले गए। गुस्साए ग्रामीणों ने खैरीघाट थाने पहुंचकर दिलीप वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी थानाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर पूर्व विधायक, देशराज और सात अन्य व ग्रामीण छब्बेलाल की तहरीर पर पूर्व विधायक, देवराज सिंह, देशराज व रामकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।