बहराइच। अंत्योदय कार्ड धारकों व अन्य पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए बृहस्पतिवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों पर शिविर लगाए जाएंगे। जिले में इस योजना में 371907 परिवारों को शामिल किया गया है। इसमें से 1.72 लाख परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जा चुके हैं।
सीएमओ डॉ. एसके सिंह ने बताया कि जिला आपूर्ति अधिकारी ने कोटेदारों से भी आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग के लिए कहा है। वहीं, शिविरों के संबंध में आशा कार्यकर्ता भी चिह्नित परिवारों को सूचना देंगी। उधर, जिला स्वास्थ्य एवं शिक्षा सूचनाधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि अब तक 31535 आयुष्मान कार्ड धारक सरकारी व निजी अस्पतालों में गंभीर बीमारियों का इलाज करा चुके हैं। डीआईएसएम प्रबंधक अमित सिंह ने बताया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों के अलावा बद्री प्रसाद मेमोरियल चिकित्सालय, रेलवे अस्पताल, महेश पॉली क्लीनिक, मुस्तफा अस्पताल, राहत अस्पताल, हिंदुस्तान चाइल्ड अस्पताल व इंडिया अस्पताल में पांच लाख तक निशुल्क इलाज की सुविधा प्राप्त की जा सकती है।