रिसिया (बहराइच)। तीन दिन से गायब विवाहिता का शव मंगलवार को पेड़ से लटकता मिला। पुलिस ने शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता के मायकेवालों ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रिसिया थाना क्षेत्र के विशुनापुर गांव निवासी कंचन (29) 10 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। विवाहिता के परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार को उसका शव भगवापुर गांव में बाग में लटकता मिला। पिता का आरोप है कि कंचन से उसका पति छाजू नाराज रहता था। इसी कारण पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में शव बाग में लटका दिया। रिसिया पुलिस ने बताया कि विवाहिता के पिता की तहरीर पर पति, सास, ससुर, ननद व एक रिश्तेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।