फखरपुर (बहराइच)। विकासखंड फखरपुर की ग्राम पंचायत मंझारा तौकली के ग्यारह सौ रेती में सरयू से लगातार हो रही कटान से लोग परेशान हैं। इसे रोकने के लिए ठोस प्रयास न होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार से आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि ग्यारह सौ रेती में सरयू लगातार कटान कर रही है। गांव का अस्तित्व समाप्त होने की कगार पर है। कटान के कारण प्राथमिक विद्यालय व जूनियर विद्यालय नदी की जलधारा से मात्र 15 मीटर दूर बचे हैं। इसके बाद भी गांव का अस्तित्व बचाने के लिए कटान रोकने के कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। कटान पीड़ित ग्रामीण वासुदेव, हनुमान, ओम कुमार, सतीश, रामअवतार व राजदुलारे समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि कटान रोकने के लिए प्रशासन ने इंतजाम नहीं किए तो बृहस्पतिवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने एसडीएम, कैसरगंज को ज्ञापन सौंपा।