बहराइच। ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर कोर्ट के फैसले के बाद जिला प्रशासन व पुलिस सतर्क हो गई है। भारत-नेपाल बॉर्डर पर पुलिस का सख्त पहरा देखने को मिला। वहीं, शहर के प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस कर्मी तैनात दिखे।
सुबह से ही सड़कों पर पुलिस कर्मी नजर आने लगे। वहीं, फैसला आने के बाद सुरक्षा में और इजाफा देखने को मिला। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अशोक कुमार की अगुवाई में रुपईडीहा कस्बे में पुलिस व पीएससी के जवानों ने पैदल मार्च निकाला। एएसपी ने पुलिस कर्मियों के साथ नो मैंस लैंड, नेशनल हाईवे व कस्बे के प्रमुख बाजार व गलियों का निरीक्षण किया और लोगों को सुरक्षा का अहसास करवाया। इस दौरान क्राइम ब्रांच के ब्रह्मा गौड़, उप निरीक्षक प्रेमचंद यादव, हेड कांस्टेबल रवि सिंह, राजेंद्र मोदनवाल, अशोक तिवारी आदि मौजूद रहे।
फखरपुर में एसडीएम कैसरगंज महेश कुमार कैथल व सीओ कमलेश कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान थानाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा व दर्जनों पुलिस कर्मी मौजूद रहे। सभी पुलिस कर्मियों ने फखरपुर बाजार व गलियों में गश्त कर सुरक्षा का जायजा लिया। इसी प्रकार अन्य तहसीलों में भी ज्ञानवापी फैसले को लेकर पुलिस कर्मियों ने गश्त की।