बहराइच। पेंशन निरस्त होने पर जनता दर्शन में गुहार लगाने पहुंचे एक दिव्यांग को डीएम ने पेंशन व वाकर की सौगात दी। दिव्यांग एक मार्ग दुर्घटना में दिव्यांग हो गया था। उसने दिव्यांग पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन साक्ष्यों के अभाव में उसका आवेदन निरस्त कर दिया गया था।
डीएम के जनता दर्शन में पहुंचे पयागपुर तहसील के काशी जोत निवासी 70 वर्षीय दिव्यांग मोहन ने डीएम को बताया कि एक मार्ग दुर्घटना में वह दिव्यांग हो गया है। काफी निर्धन होने के नाते उसने भरण-पोषण के लिए दिव्यांग पेंशन के लिए आवेदन किया था, लेकिन साक्ष्य के अभाव में आवेदन निरस्त कर दिया गया है। फरियाद सुन डीएम डॉ. दिनेश चंद्र द्रवित हो उठे और उन्होंने तत्काल दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी वीपी सत्यार्थी को तलब किया और पेंशन दिलाने का आदेश दिया। वहीं, जर्जर वाकर से डीएम की चौखट पर पहुंचे दिव्यांग को डीएम ने तत्काल नया वाकर दिलाया। यही नहीं डीएम ने दिव्यांग को घर जाने व खाने के लिए पैसे भी दिए।