गायघाट (बहराइच)। सेमरहना गांव के पास सड़क किनारे शनिवार को युवक का शव पड़ा मिला। युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। युवक के परिवारवालों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के कस्बातीपुरवा गांव निवासी चुन्नू लाल (40) मोतीपुर थाना क्षेत्र के सेमरहना गांव स्थित बाला जी मंदिर में सेवा करते थे। छह सितंबर को वह अपने घर आए थे। परिवारवालों ने बताया कि सेमरहना गांव निवासी एक युवक ने फोन कर अपने यहां काम करने के लिए बुलाया था। इसके बाद शुक्रवार को चुन्नू वहां चले गए थे।
शनिवार की सुबह फोन कर सूचना दी गई कि चून्नू की मौत हो गई है और शव सड़क किनारे मिला है। परिवारवालों ने वहां पहुंचकर देखा तो चुन्नू की पीठ, कंधे व कान के पास चोट के निशान मिले। सूचना पर मोतीपुर थानाध्यक्ष मुकेश सिंह व जालिमनगर चौकी इंचार्ज सूरज कुमार मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल जाएगा कि चोट गिरने से लगी है या मारने से। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।