बहराइच। डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक एक दिवसीय भ्रमण पर मंगलवार को जिले में रहेंगे। इस दौरान वह जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जमीनी हकीकत को परखने के साथ ही जिला मुख्यालय पर संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक में भी हिस्सेदारी करेंगे।
डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण के दौरान पयागपुर के भाजपा विधायक द्वारा सीएचसी व पीएचसी पर व्याप्त अव्यवस्थाओं व डॉक्टरों द्वारा बरती जा रही मनमानी की शिकायतों पर भी कार्रवाई होना संभव है। विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी द्वारा सीएचसी व पीएचसी का निरीक्षण कर वहां व्याप्त खामियों की पूरी रिपोर्ट डिप्टी सीएम को भेजी थी। विधायक की नाराजगी के बाद बीते दिनों डीएम ने सीएचसी पयागपुर का निरीक्षण भी किया था। विधायक त्रिपाठी ने बताया कि सीएचसी पर तैनात डॉक्टरों व स्टॉफ के काम काज न करने और सीएमओ द्वारा बरती जा रही लापरवाही को डिप्टी सीएम के समक्ष वार्ता के दौरान प्रमुखता से उठाया जाएगा। इससे पूर्व भी सरकारी अस्पतालों में उजागर खामियों से जुड़ी अमर उजाला की खबरों पर डिप्टी सीएम संज्ञान लेकर सीएमओ से स्पष्टीकरण तलब कर चुके हैं।
दूसरी तरफ सरकारी चिकित्सक द्वारा निजी तौर पर संचालित एके अस्पताल से मरीजों को शिफ्ट कराए जाने के सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश का अनुपालन पूरी तरह नहीं हो पाया। सीएमओ डॉ. एसके सिंह ने बताया कि वहां भर्ती बाल रोगियों में कई की स्थिति गंभीर है। जिला चिकित्सालय के पीआईसीयू वार्ड में पहले से ही बेड क्षमता के अनुसार बाल रोगी भर्ती हैं। ऐसे में वहां भर्ती बाल रोगियों को अभी जिला अस्पताल में नहीं रखा जा सकता।