बहराइच। आईजीआरएस पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इस दौरान अधिशाषी अभियंता जल निगम, विद्युत व ग्रामीण सड़क योजना, नगर मजिस्ट्रेट, एसडीएम महसी, बीडीओ महसी, एसडीएम मिहींपुरवा, ईओ बहराइच व नानपारा, अधिशाषी अभियंता सिंचाई जल संसाधन व एलडीएम निस्तारण में सुस्त पाए गए। इस पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने नाराजगी जताते हुए अग्रिम आदेशों तक सभी का वेतन रोकने का आदेश दे दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी स्वयं देखें कि शिकायत किसी भी दशा में निस्तारित की जाए। यह भी कहा कि निस्तारण की गुणवत्ता संतोषजनक न होने पर जिले की रैंक प्रभावित होती है इसलिए सभी अधिकारी अच्छी तरह से परीक्षण कर समय से समस्याएं निपटाएं। इस बात का भी ध्यान रखें कि फरियादी का संतुष्ट होना आवश्यक है। डीएम ने कैसरगंज व महसी की रैंक खराब होने के कारण संबंधित उप जिलाधिकारियों को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एडीएम मनोज, नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय, जिला विकास अधिकारी महेंद्र कुमार मिश्र, एसडीएम, कैसरगंज महेश कुमार कैथल, सीओ सिटी विनय कुमार द्विवेदी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी वीपी सत्यार्थी, अधिशाषी अभियंता, जल निगम सौरभ सुमन आदि मौजूद रहे।