बाबागंज/रुपईडीहा (बहराइच)। तीन महीने पहले बाग में युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। युवक की हत्या उसके दोस्त ने ही जहरीला पदार्थ देकर की थी। इस दोस्त के साथ युवक की पत्नी के अवैध संबंध थे। वह रोड़ा बन रहा था इसीलिए वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस खुलासे में बिसरा रिपोर्ट काफी अहम साबित हुई।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र के गनेशपुर गांव निवासी दीपेश (बदला नाम) का शव इसी साल 19 मई को बाग में मिला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, लेकिन कुछ स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने लिए बिसरा जांच के लिए भेजा। बिसरा रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ देने से मौत की बात सामने आई। इसके बाद एसपी केशव चौधरी ने रुपईडीहा थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक व एसओजी टीम को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया। नानपारा सीओ जंगबहादुर यादव ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि युवक अपने दोस्त अनिल पांडेय, शिवा पांडेय व अनुज के साथ बाग में गया था।
वहीं, अनिल ने बीयर में जहरीला पदार्थ मिला दिया था जिससे दीपेश की मौत हो गई थी। सीओ ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि दीपेश की पत्नी से अनिल के अवैध संबंध थे। दीपेश अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहा था जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई। सीओ ने बताया कि तीनों आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर सीतापुरवा की तरफ से नेपाल की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से दीपेश की बाइक व मोबाइल भी बरामद हुआ। तीनों को जेल भेज दिया गया।