बौंडी (बहराइच)। खैरा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण रविवार को महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने किया। निरीक्षण के दौरान विधायक को यहां व्यवस्थाएं तो बदहाल मिली हीं, चिकित्सकों के उपस्थिति रजिस्टर में भी काफी हेराफेरी देखने को मिली। विधायक ने चिकित्सकों पर कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजने की बात कही। महसी के भाजपा विधायक जब स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे तो उन्हें स्वास्थ्य केंद्र की सफाई व्यवस्था बदहाल मिली। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई कर्मी सुनीता देवी को फटकार लगाई।
विधायक ने चिकित्सकों के उपस्थित न रहने की शिकायत मिलने पर उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया तो उसमें की गई हेराफेरी से वह भी भौचक्के रह गए। उपस्थिति रजिस्टर में यहां तैनात डॉ. बलजीत कौर के हस्ताक्षर 20 जुलाई के बाद से नहीं मिले जबकि सीएचओ सपना मिश्रा व डॉ. अनेक वर्मा के हस्ताक्षर रजिस्टर में आठ अगस्त तक अंकित पाए गए। इस पर विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र न आने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजने की भी बात कही। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के खाली पड़े भवन में जुआ खेलने की शिकायत भी विधायक को प्राप्त हुई। इस पर विधायक ने स्थानीय पुलिस कर्मियों को भी फटकार लगाई। इस मौके पर सर्वजीत सिंह, संतराम पांडे, जगदीश जायसवाल, भरतलाल पांडेय, सजल श्रीवास्तव, गुड्डू वर्मा, रामछबीले निषाद, जितेंद्र सिंह, पवन सिंह आदि मौजूद रहे।