रुपईडीहा (बहराइच)। नेपाल में स्मैक बेचने जा रहे युवक को एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीम ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि रुपईडीहा थाने में तैनात एसआई अजेश कुमार व एसएसबी के एएसआई कुलदीप ज्ञान रविवार की देर रात गश्त कर रहे थे।
गश्त के दौरान जब टीम भारत-नेपाल सीमा के पिलर संख्या 651/11 के पास पहुंची तो देखा कि एक युवक आ रहा है। टीम ने रुकने के लिए कहा तो वह भागने लगा। इस पर टीम ने दौड़ाकर घेराबंदी करते हुए दबोच लिया। तलाशी के दौरान युवक के पास से 102 ग्राम स्मैक बरामद हुई। एएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान मो. आबिद निवासी धनौली थाना मटेरा के रूप में हुई है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 51 लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गए युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।