बहराइच। हम बिजली विभाग से हैं। आपका बिजली का बिल नहीं जमा है। बकाया होने के कारण आज रात साढ़े नौ बजे आपका कनेक्शन काट दिया जाएगा। इस तरह का मेसेज देखकर जब उपभोक्ता कॉल करता है तो उधर से हड़काते हुए कहा जाता है कि हां बताइए। क्या करना है। उपभोक्ता कनेक्शन न काटने को कहता है तो उधर से बिल अपडेट करने की प्रक्रिया बताई जाती है। बस इसी प्रक्रिया के दौरान अकाउंट खाली कर दिया जाता है। दरअसल, साइबर ठगों ने ठगी का यह नया तरीका निकाला है। शहर में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन उपभोक्ताओं की सतर्कता से ठग कामयाब नहीं हुए।
हाईटेक जमाने में साइबर अपराधी भी अपराध करने का हाईटेक तरीका अपना रहे हैं। एटीएम कार्ड, केसीसी, लकी ड्रॉ व न्यूड वीडियो जैसा तरीका अब पुराना होता जा रहा है। साइबर अपराधी अब बदलते जमाने के हिसाब से अपराध को अंजाम दे रहे हैं। साइबर अपराधियों ने अब बिजली विभाग के उपभोक्ताओं को निशाना बनाना शुरू किया है। वे अलग-अलग नंबर से रात नौ बजे बिजली काटने का मेसेज भेज रहे हैं।
मेसेज देखकर उपभोक्ता फोन मिलाते हैं तो वे पहले समय न होने का बहाना बताकर फोन रखने की बात करते हैं और जब उपभोक्ता थोड़ा मदद करने की बात करता है तो वह अपने झांसे में लेकर उसे बिल अपडेट करने की प्रक्रिया बताते हैं। अंत में 10 रुपये जमा करने की बात करते हैं। बताया जाता है कि जैसे ही उपभोक्ता 10 रुपये जमा करने की प्रक्रिया करता है तो उसका अकाउंट खाली हो जाता है। हालांकि जिले में अभी किसी उपभोक्ता का पैसा नहीं कटा है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से सजग रहने की अपील है।
शहर के छावनी बाजार निवासी रामगोपाल अग्रवाल ने बताया कि उनके मोबाइल पर मेसेज आया और जब उन्होंने फोन किया तो कहा गया कि आपका बिल नहीं जमा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक ही महीना का बाकी है तो साइबर अपराधी ने कहा कि आपका बिल अपडेट नहीं दिख रहा है। उसके बाद उसने जब 10 रुपये भेजने की बात कही तब रामगोपाल को कुछ शक हुआ और उन्होंने फोन काट दिया।
शहर के महोलीपुरा निवासी पूर्व कार्यालय अधीक्षक, निर्वाचन राजेश कुमार श्रीवास्तव के पास भी मेसेज आया। उसके कुछ देर बाद फोन आया और बिल जमा करने की बात कही। राजेश ने कहा कि बिल जमा है तो उसने बिल अपडेट न होने की बात बताई। इस पर राजेश ने परिवार के अन्य सदस्य को फोन दे दिया। परिजन समझ गये और हड़काते हुए फोन काट दिया।
शहर के विकास भवन के पीछे स्थित सूफीपुरा मोहल्ला निवासी सीडब्लूसी/ मजिस्ट्रेट श्रवण शुक्ल के पास भी इसी तरह का मेसेज आया था। श्रवण ने अपने ऑपरेटर को फोन कर पूरी बात समझने के लिए कहा। ऑपरेटर ने साइबर ठगों द्वारा बताई गई प्रक्रिया को अपनाया, लेकिन जब पैसे जमा करने को कहा तो ऑपरेटर को शक हुआ और उसने फोन काट दिया।
शहर के खत्रीपुरा मोहल्ला निवासी बाल कल्याण समिति न्यायपीठ चेयरमैन/मजिस्ट्रेट सतीश श्रीवास्तव के पास भी ऐसा ही मेसेज आया तो उन्होने फोन कर कारण पूछा। इस पर दूसरी तरफ से कहा गया कि बिल नहीं जमा है। इस पर चेयरमैन बिफर पड़े और पूछा कि आप कैसे जान गए कि हमारा बिल नहीं जमा है। कड़ी आवाज सुनकर साइबर ठग ने फोन काट दिया।
बिजली उपभोक्ताओं को कनेक्शन काटने के फर्जी मेसेज भेजे जा रहे हैं। इस संबंध में शिकायत मिली है। अज्ञात लोगों के खिलाफ बिजली कंपनियां मुकदमे दर्ज करा रही हैं। उपभोक्ताओं से अपील भी की जा रही है कि फर्जी मेसेज व कॉल पर ध्यान न दें। कोई भी मेसेज या कॉल आने पर बिजली विभाग से संपर्क करें।
- मुकेश बाबू, अधीक्षण अभियंता, बहराइच