बहराइच। सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के लिए केंद्र सरकार कायाकल्प योजना चला रही है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में जनपद के सात स्वास्थ्य केंद्रों को कायाकल्प अवार्ड के लिए चुना गया है। इनमें रमवापुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को जिले में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। यह जानकारी सीएमओ डॉ. एसके सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि कायाकल्प अवार्ड के तहत अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के साथ ही बुनियादी ढांचे के विकास, शुद्ध पेयजल व जैविक कचरे के निस्तारण समेत 120 मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है। क्वालिटी एश्योरेंस सेल के जिला क्वालिटी कंसल्टेंट डॉ. शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि कायाकल्प अवार्ड के लिए मूल्यांकन गैर जनपद की टीम ने किया था।
इसके बाद चयन किया गया। इसमें ब्लॉक हुजूरपुर के रमवापुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को प्रथम स्थान मिलने पर दो लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। साथ ही जौहरा, महसी, जरवलरोड, तेंदुआ कबीर, मटेरा व खैरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को 50-50 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार में मिली 75 प्रतिशत धनराशि का प्रयोग स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए होगा। शेष 25 फीसदी धनराशि कर्मियों को प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी।