बहराइच। नाले पर शौच करने गए युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। युवक चीखते हुए पांच मिनट तक मगरमच्छ से संघर्ष करता रहा। इसी दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। उन्होंने युवक को किसी तरह मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाया। तब तक मगरमच्छ युवक का पैर चबा चुका था। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। नाले में मगरमच्छ होने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत है।
कतर्नियाघाट रेंज के कैलाशपुरी बाजार निवासी 22 वर्षीय दशरथ शनिवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित नाले के पास शौच करने गये थे। बताया जाता है कि पानी में घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने उन पर हमला बोल दिया और दाहिने पैर का पंजा दबोच लिया। मगरमच्छ से संघर्ष करते हुए युवक चीखने लगा। युवक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह युवक को छुड़ाया। तब तक मगरमच्छ युवक का पैर चबा चुका था। घटना की सूचना मिलने पर वन रक्षक अब्दुल सलाम पहुंचे और युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सुजौली में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोतीपुर रेफर कर दिया। डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। युवक का उपचार चल रहा है। आगे नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।