बहराइच। खाद्य सामग्री में मिलावट की जांच करने के लिए एफएसडीए की मोबाइल लैब सेवा मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन विभाग की टीम ने शहरी क्षेत्र में भ्रमण कर 50 खाद्य पदार्थों के नमूनों की मौके पर ही जांच की। इनमें से 15 नमूने मानक के विपरीत मिले। हालांकि, संबंधित विक्रेताओं को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
मोबाइल लैब सेवा को डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पहले उन्होंने खाद्य पदार्थ की जांच कर लैब का परीक्षण भी किया। इसके बाद एफएसडीए के सहायक आयुक्त, द्वितीय विनोद कुमार शर्मा की अगुवाई में विभाग की टीम ने शहर के चौक बाजार, दरगाह व बशीरगंज मोहल्ले में पहुंचकर दुकानों के अलावा उपभोक्ताओं के घरों से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच की। अभियान के पहले दिन टीम ने 50 खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच फूड वैन में संचालित लैब में की। जांच के दौरान टीम को मौके पर 15 नमूने मानक के विपरीत मिले। हालांकि, टीम ने विक्रेताओं को चेतावनी देकर छोड़ दिया। टीम में खाद्य सुरक्षाधिकारी राघवेंद्र प्रसाद वर्मा, डॉ. रामतेज, डॉ. विश्राम, डॉ. विवेक कुमार व अभिषेक कुमार शामिल रहे।
मंगलवार को दूध, चाय की पत्ती, हल्दी, मसाला आदि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। 50 खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच की गई जिनमें से 15 मानक के विपरीत मिले। चाय की पत्ती व मिर्च में रंग का मिश्रण पाया गया। दूध की जांच में पानी का मिश्रण मिला। संबंधित विक्रेताओं को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।
- विनोद शर्मा, सहायक आयुक्त, एफएसडीए