बहराइच। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के प्रादेशिक नेतृत्व के आह्वान पर संघ के पदाधिकारियों ने डीआईओएस कार्यालय पर शनिवार को धरना दिया। समस्याओं के निस्तारण की मांग करते हुए संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा।
संघ के मंडलीय अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने कहा कि सरकार की दमनकारी नीतियों से शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में समस्याओं के निस्तारण के लिए एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाल करने, वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को भी समान वेतन देने सहित कई मांगें उठाईं। धरने को जिला मंत्री शशींद्र पाठक, राजेंद्र प्रसाद, मनोज कुमार पांडेय, बीएन सिंह, चंद्रभान वर्मा आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर बीएन सिंह, सत्यनारायण मौर्य, चंद्रभान वर्मा, जाहिद नईम, कलीम अहमद, दुर्गेश कुमार मौर्या आदि मौजूद रहे।