विशेश्वरगंज/हुजूरपुर (बहराइच)। जिले के दो थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में बालिका समेत दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के उधरना ठकुराइन गांव निवासी सात वर्षीय पल्लवी देवी सड़क किनारे पैदल जा रही थी तभी गोंडा की ओर से आ रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी।
बच्ची को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में बालिका ने दम तोड़ दिया। उधर, कैसरगंज के कसेहरी खुर्द गांव निवासी 30 वर्षीय लालमन बाइक से हुजूरपुर जा रहे थे। रास्ते में हुजूरपुर-कैसरगंज मार्ग पर सिरौला के पास डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। उसे सीएचसी चिरैयाटांड ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।