चित्तौरा (बहराइच)। शहर के बाहरी छोर पर स्थित राइस गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी भयानक है कि 48 घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। आग पर काबू पाने के लिए जिले के अलावा श्रावस्ती, गोंडा व बलरामपुर जिले की भी दमकल की गाड़ियां लगी हुई हैं। आग पर काबू पाने के लिए गोदाम की दीवारों को तोड़ने के लिए जेसीबी लगाई गई है। चावल की भूसी होने के कारण आग काबू में नहीं आ रही है। घटना की सूचना पर एसडीएम, सीओ सिटी व पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी आग बुझाने में लगे हुए है। नुकसान का सही आकलन अब तक नहीं किया जा सका है, लेकिन बताया जा रहा है कि पांच करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। बुधवार देर शाम तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
बलरामपुर-बहराइच मार्ग पर सासरपारा गांव के पास दरगाह थाना क्षेत्र निवासी सुमित अग्रवाल का राइस गोदाम है। इसमें काफी मात्रा में माल रखा था। बताया जाता है कि मंगलवार को गोदाम के अंदर से आग की लपटें और धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर बाद आग की पलटें तेज हो गईं। स्थानीय लोगों ने मिल मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही आनन-फानन में मिल मालिक पहुंचे और फायर बिग्रेड को सूचना दी। सूचना पर दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग अंदर से इतनी विकराल हो चुकी थी कि काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद गोंडा, श्रावस्ती व बलरामपुर जिले से एक-एक दमकल की गाड़ी बुलाई गई, लेकिन बुधवार की शाम तक आग पर काबू नहीं पा जा सका।
घटना की सूचना पर एसडीएम सदर सौरभ गंगवार, सीओ सिटी विनय द्विवेदी व दरगाह थानाध्यक्ष मनोज यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि विकराल है। चावल की भूसी होने के कारण आग नहीं बुझ रही है। उम्मीद है कि जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा। मिल मालिक ने बताया कि आग अभी तक बुझी नहीं है। ऐसे में नुकसान का आकलन कर पाना मुश्किल है। हालांकि, पांच करोड़ से अधिक के नुकसान की आशंका है। सही आंकलन आग बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।
गोदाम में लगी आग पर काबू पाने के लिए दीवार तोड़ी जा रही है। दीवार तोड़ने के लिए पांच जेसीबी लगाई गईं हैं। दीवार टूटने के बाद ही आग पर काबू पाया सकेगा। दीवार टूटने के बाद बोरियां हटाई जाएंगी जिससे आग पर जल्द काबू पाया जा सके।
फायर स्टेशन प्रभारी गीनालाल ने बताया कि आग लगने की सूचना पर जिले की दमकल की पांच गाड़ियां लगा दी गईं, लेकिन काबू नहीं पाया जा सका। इस पर पड़ोसी जिलों से तीन गाड़ियां बुलाई गईं हैं। सभी आग पर काबू पाने के लिए जुटी हैं। 20 से अधिक बार पानी भरने के लिए दमकल चक्कर लगा चुकी है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।