भारत-नेपाल के बीच आज शाम से बंद होगा आवागमन
- मतदान के बाद खोली जाएगी दोनों देशों की सीमा
फोटो 35 में है।
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। विधानसभा चुनाव के तहत जनपद में मतदान 27 फरवरी को होगा। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित कराने व अराजकतत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से भारत-नेपाल सीमा मतदान शुरू होने के 48 घंटे पूर्व बंद कर दी जाएगी। इस दौरान सीमा क्षेत्र में पुलिस व एसएसबी की टीमें संयुक्त रूप से भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करेंगी। मतदान समाप्त होने पर ही दोनों देशों के बीच आवागमन बहाल हो सकेगा। यह जानकारी एसएसबी 42 वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट सुमित भारद्वाज ने दी। उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल के सीमावर्ती कस्बे रुपईडीहा समेत अन्य थाना व चौकियों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। बिना जांच-पड़ताल किसी को भी भारतीय सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं जिससे अराजक तत्व किसी प्रकार की अशांति न फैला सकें। ऐसे में 25 फरवरी की शाम से सीमा सील होने पर पूर्ण रूप से आवागमन बंद कर दिया जाएगा। 27 फरवरी को मतदान पूर्ण होने के बाद ही दोनों देशों के बीच आवागमन बहाल हो सकेगा।