बहराइच। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने इंडियन पोटाश लिमिटेड की शुगर इकाई जरवल रोड चीनी मिल के केन कैरियर में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी ने बैल पूजन कर मिल के गेट पर आये पहले किसान अजीत प्रताप सिंह पुत्र नरेंद्र अजीत सिंह की गन्ने की गाड़ी की तौल कराई। अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया। डोंगा पूजन के पश्चात डोंगे में गन्ना डालकर पेराई शुरू की गई। मिल इकाई के प्रमुख केजे शर्मा ने बताया कि वर्तमान पेराई सत्र में 30 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद का लक्ष्य रखा गया है। मिल गेट पर दो गन्ना समितियों जरवल रोड व भभुआ गन्ना क्रय करती हैं। इस मौके पर एसडीएम कैसरगंज महेश कुमार कैथल, जिला गन्ना अधिकारी शैलेश कुमार मौर्य, सहकारी गन्ना विकास समिति के चेयरमैन चंद्रेश प्रताप सिंह, विभागाध्यक्ष गन्ना ठाट सिंह राणा, मुख्य अभियंता गोपाल त्यागी, विभागाध्यक्ष लेखा एके चतुर्वेदी, विभागाध्यक्ष प्रोडक्शन अरविंद देशवाल आदि मौजूद रहे।