बहराइच। विश्व जनसंख्या दिवस को लेकर 11 जुलाई से 27 जुलाई तक जिले में होने वाले जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के दौरान जागरूकता कार्यक्रम होंगे। जनसंख्या नियन्त्रण के लिए जनसामान्य में जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से विधायक नानपारा राम निवास वर्मा व जिलाधिकारी मोनिका रानी ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर मंगलवार को जन-जागरूकता वाहनों को रवाना किया।
जागरूकता वाहन पखवाड़ा अवधि में जिले के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को जनसंख्या स्थिरता के लिए जागरूक करेंगे। विभागीय प्रचार सामग्री का वितरण भी करेंगे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके सिंह, डीएचइआईओ बृजेश सिंह आदि मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके सिंह ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में महर्षि बालार्क चिकित्सालय परिसर में मोबियस फाउंडेशन की ओर शिविर आयोजित किया गया है। जनसंख्या नियन्त्रण पखवाड़ा अन्तर्गत परिवार नियोजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए आशा, एएनएम, आशा संगिनी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।