बहराइच। प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड के बाद माफिया अतीक अहमद के तार जिले से भी जुड़ गए हैं। उसके दो करीबी एसटीएफ की पकड़ में भी आ चुके हैं। पुलिस व एसटीएफ ऐसे लोगों की सूची तैयार कर रही है जिनके संबंध अतीक गैंग से रहे हैं। अतीक को फाइनेंस करने की बात भी सामने आ रही है। ऐसे में इन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होने के साथ इनकी संपत्ति पर जब्त करने की भी कार्रवाई हो सकती है। पुलिस की टीमें नेपाल में भी सक्रिय है। हालांकि अधिकारी अभी इस पूरे मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं। लेकिन जिले में इस समय यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।प्रयागराज मेें हुए उमेश पाल हत्याकांड में शामिल आरोपी अतीक का बेटा असद व एक अन्य शूटर के बहराइच के रास्ते नेपाल भागने का मामला अब और तूल पकड़ने लगा है। इस मामले में एसटीएफ ने दो लोगों को उठाया है जबकि शहर से लेकर नानपारा व रूपईडीहा तक करीब एक दर्जन संदिग्धों से पूछताछ भी की जा चुकी है। यह मामला इस समय जिले में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है। हर कोई यह जानने के इच्छुक है कि आखिर वह कौन लोग है जो अतीक गैंग से जुड़े हुए हैं। जिस तरह से यह बताया जा रहा है कि अतीक का बेटा असद अपने एक साथी के साथ यहां पहुंचा और एक होटल में रुका उसके बाद उसे यहां पर कुछ लोगों ने आर्थिक मदद की और फिर वह नेपाल निकल गया। बता दें कि अतीक वर्ष 2014 में पड़ोसी जिले श्रावस्ती से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था। इसके चलते यहां पर उसके कई करीबी लोग भी है। शहर व जिले में कुछ जगहों पर प्राॅपर्टी व होटल के काम में भी अतीक का पैसा लगा होने की बात कही जा रही है। पुलिस व प्रशासन भी दबे पांव यह सब पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस विभाग के सूत्रों की मानें तो मंगलवार को भी एसटीएफ की टीम ने शहर से लेकर नानपारा व रूपईडीहा में कई लोगों से पूछताछ की है।
बाक्स-
संदिग्धों की खंगाल रहे कॉल डिटेल
अतीक से जुड़े मामले में जो भी संदिग्ध लोग हैं पुलिस उनकी कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। इसके जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं इनमें से किसी की बात तो अतीक या फिर उसके बेटे आदि से नहीं हुई है। इस मामले में यदि कोई आरोपी मिलेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है।
प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड का जिले से अभी तक कोई कनेक्शन सामने नहीं आया है। इससे जुड़ी कोई भी जानकारी मेरे पास नहीं है। प्रशांत वर्मा, एसपी