प्रयागराज से ट्राॅफी जीतकर बहराइच लौटीं खिलाड़ियों का स्वागत करते लोग।
बहराइच। देवीपाटन मंडल ने प्रयागराज में अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 68वीं प्रदेशीय विद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता के आयोजन के पहले राउंड में कानपुर, क्वार्टर फाइनल में मेरठ और सेमीफाइनल में अयोध्या व फाइनल राउंड में सहारनपुर मंडल को हराकर प्रतियोगिता में परचम लहराया।
प्रतियोगिता के सिंगल्स मुकाबले में उच्च प्राथमिक विद्यालय गिंधारिया की छात्रा अरुणिमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर मंडल को 21-4, डबल्स में अरुणिमा व तेजस्वनी की जोड़ी ने कानपुर की संगीत व नेहा को 21-11 के अंकों से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। देवीपाटन मंडल की इन बच्चियों ने जीत का सिलसिला जारी रखते हुए मेरठ मंडल को क्वार्टर फाइनल और अयोध्या मंडल को सेमीफाइनल में करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। मंगलवार को हुए फाइनल मुकाबले में देवीपाटन की अरुणिमा, तेजस्वनी की जोड़ी ने सहारनपुर मंडल की टीम को बेस्ट ऑफ थ्री के मुकाबले में 21-7 व 21-3 के भारी अंतर से पराजित किया। वहीं डबल्स मुकाबले में भी एकतरफा प्रदर्शन का नजारा पेश करते हुए 21-6 व 21-2 के अंकों से परास्त कर विजेता ट्राॅफी पर कब्जा जमाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर केरल में होने वाली प्रतियोगिता में जगह बनाई। छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन और प्रदेशीय ट्राॅफी जीतने पर जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार अहीरवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बधाई दी।