बहराइच। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने व ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए एएनएम को शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अफसरों ने जिले के लिए चयनित 118 एएनएम को नियुक्ति पत्र सौंपा। एक तरफ नियुक्ति पत्र पाकर एएनएम के चेहरों पर खुशी देखी गई। दूसरी तरफ तमाम एएनएम को बैठने के लिए स्थान न मिलने से उनके साथ आए छोटे-छोटे बच्चे भीषण गर्मी में परेशान रहे। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद नियुक्ति पत्र के लिए इंतजार कर रही एएनएम की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया। शुक्रवार को चयनित जिले की 118 एएनएम को कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नियुक्ति पत्र वितरित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का प्रसारण भी दिखाया गया।
डीएम मोनिका रानी ने सभी से अपेक्षा किया कि अपने पदेन उत्तरदायित्वों का भलीभांति निर्वहन करें। आकांक्षात्मक जिले में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र की वाली महिलाओं एवं बच्चों तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ देकर जिले को कुपोषण से मुक्त कराने में सहयोग प्रदान करें। नियुक्ति पत्र पाकर संगीता पासी, रत्ना चौधरी, सविता वर्मा आदि एएनएम के चेहरों पर खुशी देखी गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, नानपारा के राम निवास वर्मा, सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह के प्रतिनिधि सुनील सिंह, विधायक बलहा सरोज सोनकर के प्रतिनिधि आलोक जिंदल, मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके सिंह, डीपीएम एनएचएम सरजू खान आदि मौजूद रहे।
खत्म होंगी दिक्कतें
पयागपुर निवासी प्रीती देवी पाठक ने बताया कि नौकरी मिलने के बाद हमारे परिवार में जो दिक्कतें थीं, वह खत्म हो जाएंगी। हुजूरपुर की खुशबू मिश्रा ने बताया कि हम लंबे समय से नियुक्ति पत्र पाने का इंतजार कर रहे थे। नौकरी मिलने से परिवार के भरण पोषण में आसानी होगी। बहराइच की वंशिका का कहना है कि अब वह ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ देते हुए दायित्वों का निर्वहन करेंगी। आरती शुक्ला ने बताया कि इस मुकाम पर पहुंचने के लिए हमले बहुत संघर्ष किया है। इसे ध्यान में रखते हुए वह हमेशा बेहतर करने का प्रयास करेंगी।