बहराइच। जिले के 30 परिषदीय विद्यालयों का चयन पीएम श्री योजना के तहत किया गया है। इन विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रति विद्यालय दो करोड़ की धनराशि खर्च की जाएगी। इसको लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने योजना तैयार कर ली है। पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में अब छात्र-छात्राओं व यहां तैैनात शिक्षकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में कुल 2803 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व संविलियन विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। लगभग सभी विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत स्कूलों में पेयजल, शौचालय, टाइल्स, कक्षा निर्माण, विद्युत व चारदीवारी सहित अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। व्यवस्था और बेहतर बनाने के लिए जिले के 14 विकास खंडों से 28 व नगरपालिका क्षेत्र से दो विद्यालयों को मिलाकर 30 विद्यालयों का चयन पीएम श्री योजना के तहत किया गया है। बीएसए एआर तिवारी ने बताया कि योजना के तहत प्रति विद्यालय दो करोड़ की धनराशि व्यय की जाएगी। इसके माध्यम से स्कूलों में कंप्यूटर लैब, विज्ञान लैब, आधुनिक उपकरण व स्मार्ट क्लास की स्थापना कराई जाएगी।