बहराइच। शहर के मलेरिया अस्पताल में एएनएम व स्टाफ नर्स ट्रेनिंग सेंटर बनाने के लिए मंजूरी मिल गई है। यहां पुराने जर्जर भवनों को ढहाकर अस्पताल बनाया जाएगा। इसके लिए सीएमओ ने जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। शासन स्तर से स्वीकृति मिलते ही कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य शुरू कर देगी।
शासन की ओर से एएनएम व स्टाफ नर्स सेंटर बनाने के लिए जमीन चिह्नित कर जल्द ही प्रस्ताव भेजने के लिए निर्देश दिये थे। इस पर जिला प्रशासन ने मलेरिया अस्पताल में सेंटर बनाने के लिए मुहर लगा दी है। जिला शिक्षा स्वास्थ्य एवं सूचना अधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि शासन स्तर से उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
मलेरिया अस्पताल के निष्प्रयोज्य भवनों को ढहाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्वीकृत मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सीएमओ डॉ. एसके सिंह ने बताया कि एएनएम व स्टाफ नर्स ट्रेनिंग सेंटर बनाने के लिए शासन ने मंजूरी दी है। यहां जर्जर व निष्प्रयोज्य भवनों को ढहाकर एएनएम व स्टाफ नर्स ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा।