जरवलरोड (बहराइच)। एक साल में चार बार ट्रांसफर होने से एक बिजली कर्मचारी भड़क गया। उसने अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया और जरवलरोड विद्युत उपकेंद्र पर रखे ट्रांसफाॅर्मर पर चढ़कर खुदकुशी करने की कोशिश की। पावर हाउस पर तैनात अन्य कर्मचारियों ने फौरन बिजली काटते हुए उसे नीचे उतारा। करंट लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया है।विद्युत उपकेंद्र जरवलरोड पर तैनात टेक्नीशियन ग्रेड कर्मचारी अरविंद कुमार गिरि कामकाज निपटाने के बाद रविवार को पावर हाउस पहुंचे। इस दौरान उन्हें पता चला कि अधिकारियों ने तेजवापुर ट्रांसफर कर दिया। एक साल में चौथी बार ट्रांसफर किए जाने से नाराज अरविंद उपकेंद्र परिसर में लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने विद्युत सप्लाई काटकर उसे ट्रांसफार्मर से नीचे उतारा।
उपखंड अधिकारी कैसरगंज राम गोपाल ने अस्पताल पहुंचकर उसका हाल-चाल लिया। अधीक्षण अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि कर्मचारी की ओर से सुसाइड किए जाने की सूचना मिली है। उसका एक साल में चार बार ट्रांसफर कैसे किया गया है, इसकी जांच कराई जाएगी।