बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर जारी खाद की तस्करी को लेकर मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूबेदार यादव ने टीम के साथ सीमावर्ती क्षेत्र में छापा मारा। इस पर चार संचालक दुकान बंद कर भाग निकले। चारों दुकानों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूबेदार यादव ने बताया कि नवाबगंज, बाबागंज व रुपईडीहा की उर्वरक दुकानों की जांच की गई। इस दौरान टीम को देख कर इंडिया ट्रेडर्स नूरी चौराहा नवाबगंज, यादव खाद बीज भंडार नूरी चौराहा नवाबगंज, पुत्तन खाद भंडार नवाबगंज व पटेल खाद बीज भंडार हरिहरपुर चौघड़वा के संचालक दुकान बंद कर भाग निकले। इन सभी के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए और नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। यदि कहीं भी खाद की कालाबाजारी मिली तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।