महसी (बहराइच)। राजस्व कार्यों में लापरवाही व अनुशासनहीनता के मामले में एसडीएम ने एक लेखपाल को सस्पेंड कर दिया। जबकि तीन को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। वहीं एक लेखपाल का वेतन काटने के साथ एक अन्य का क्षेत्र बदलने का निर्देश दिया गया। एसडीएम की इस कार्रवाई के पीछे क्षेत्रीय माननीय की नाराजगी को वजह माना जा रहा है।
सोमवार देर शाम तक विधायक महसी सुरेश्वर सिंह ने तहसील भवन सभागार में कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। जिसके बाद मंगलवार को एसडीएम राकेश कुमार मौर्या द्वारा यह कार्रवाई शुरू की गई है। एसडीएम ने बताया कि लेखपाल प्रेमचंद की ओर से वरासत नहीं दर्ज करने की शिकायत का संज्ञान लेते हुए लेखपाल को निलंबित किया गया।
उन्होंने बताया कि राजस्व कार्यों में लापरवाही व अनुशासनहीनता बरतने के मामले में लेखपाल मूलचंद पांडेय, शिवप्रकाश पांडेय व आनंद पवार को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। वहीं एक महिला लेखपाल के एक दिन का वेतन काटा गया। एसडीएम ने बताया कि बांसगढ़ी में तैनात लेखपाल कदीर खान का क्षेत्र बदलकर सिपहिया प्यूली में तैनात किया गया है।