बहराइच। पीईटी परीक्षा के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार की प्रथम पाली में शामिल होने वाले अंबेडकरनगर व बस्ती के अभ्यर्थियों के लिए पालिका प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। देर रात पहुंचने वाले और होटलों का खर्च उठाने में असमर्थ परीक्षार्थियों के ठहरने के लिए नगरपालिका सभागार, सलारगंज स्थित शेल्टर होम और छावनी बाजार स्थित अतिथि भवन में व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, परीक्षार्थियों को सुबह सूक्ष्म जलपान भी कराया जाएगा। शहर मुख्यालय के आठ केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित होगी। नगरपालिका ईओ प्रमिता सिंह ने बताया कि गैर-जनपद से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो और वे पूरी तरह परीक्षा पर ध्यान केंद्रित कर सकें, इसके लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।