श्रावस्ती। यूक्रेन व रूस के बीच छिड़े युद्ध का असर ड्राइविंग लाइसेंस में लगने वाली चिप की आपूर्ति पर दिख रहा है। नवंबर माह से चिप न आने के कारण आवेदकों को ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिल पा रहा है। इससे लोग परेशान है। इस समस्या का समाधान कब तक होगा इस बारे में अधिकारी कुछ भी बता पाने में असमर्थता जता रहे हैं। जिले में करीब 4478 लोगों ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन कर रखा है। इन्हें अब तक ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिल सका है। इसका कारण रूस व यूक्रेन के बीच छिड़ा युद्ध बताया जा रहा है। ड्राइविंग लाइसेंस में लगने वाली चिप यूक्रेन से ही मंगाई जाती है। युद्ध के कारण इसकी आपूर्ति न हो पाने के कारण ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाली संस्था ने हाथ खड़े कर दिए हैं। ऐसे में लोग लाइसेंस के लिए परेशान हैं। आवेदन करने के तीन माह बाद भी ड्राइविंग लाइसेंस न मिलने से वाहन चालकों का चालान भी हो रहा है। नेक्स जेन पोर्टल से लोड करें ड्राइविंग लाइसेंस
आईटी एक्ट 2000 के अनुसार, कोई भी वाहन स्वामी अपने वाहनों से संबंधित प्रपत्र डिजिलॉकर एप पर रख सकता है। इसे मानने के लिए पुलिस व परिवहन विभाग बाध्य है। यदि आवेदन के बाद भी वाहन चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिल पा रहा है तो प्ले स्टोर पर जाकर नेक्स जेन परिवहन या एम परिवहन एप डाउनलोड कर लें। इस पर अपना मोबाइल नंबर व जन्मतिथि डालने पर उन्हें ड्राइविंग लाइसेंस मिल जाएगा। इसे दिखा कर लोग परेशानी से बच सकते है। इतना ही नहीं लोग चाहें तो ड्राइविंग लाइसेंस की फोटोकॉपी भी अपने साथ रख कर यात्रा कर सकते है। संवाद