हुजूरपुर। पासिनपुरवा भाठीकुंडा गांव में जन्मदिन समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में युवकों ने एक व्यक्ति पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर किया गया है। गांव निवासी सालिकराम के यहां मंगलवार को जन्मदिन कार्यक्रम आयोजित था। इसमें शामिल होने उनके दामाद नरेंद्रपुर निवासी अजय कुमार आए थे। इसी दौरान गांव में एक अन्य कार्यक्रम चल रहा था। डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने अजय कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी हिमांशु को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। विवेचना अधिकारी राजीव मिश्र ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।