गायघाट(बहराइच)। बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त हुई नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर स्थित रायबोझा पुलिया के बाद अब छह करोड़ की लागत से नए पुल का निर्माण होगा। केंद्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने रायबोझा के जर्जर पुल को नए सिरे से बनवाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण इस पूरे हाईवे पर वाहनों का आवागमन पहले से ही बंद चल रहा है। पुल के निर्माण कार्य को मिली मंजूरी के बाद इस रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन का कार्य भी शुरू हो गया है। विभागीय अफसरों ने छह माह में पुल का निर्माण कार्य पूरा होने का भरोसा जताया है।
बहराइच-लखीमपुर हाईवे पर रायबोझा के पास बीते दिनों हुई भारी बारिश के बाद पुलिया के ढह जाने से इस पूरे राजमार्ग पर आवागमन बाधित चल रहा है। इससे आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय की ओर से क्षतिग्रस्त पुल के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए छह करोड़ की बजट राशि भी आवंटित की गई है। प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत अब बहराइच-लखीमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रायबोझा गांव के पास क्षतिग्रस्त पुलिया की जगह पर 30 मीटर लंबा व 14 मीटर चौड़ा पुल बनाया जाएगा। इस रूट पर यातायात सुविधा शीघ्र बहाल कराने के लिए भी समीप से ही डायवर्जन बनाने का काम भी शुरू किया गया है।
बरेली से दिल्ली तक का जुुड़ाव
बहराइच लखीमपुर हाईवे पर रायबोझा के पास स्थित पुलिया के धंसने से बीते एक माह से आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। यह राष्ट्रीय राज्यमार्ग बरेली,बस्ती,सिद्वार्थनगर, डुमरियागंज,बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, पीलीभीत, बरेली व दिल्ली मार्ग को जोड़ती है। इस मार्ग पर रोजाना चार से पांच हजार वाहनों का आवागमन होता है।
परेशानी बना 200 किमी का अतिरिक्त चक्कर
बहराइच-लखीमपुर मार्ग पर पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद पूरी तरीके से बंद कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था नहर की पटरी को बनाया है। जो काफी जर्जर है। ऐसे में स्थानीय लोगों के लिए यह वैकल्पिक व्यवस्था खतरे से खाली नहीं है। बड़े वाहनों को अब लखीमपुर समेत अन्य जिलों व दिल्ली जाने के लिए लगभग 200 किमी लंबा रास्ता तय करने की परेशानी उठानी पड़ रही है। गंतव्य तक पहुंचने के लिए वाहनों को चहलारीघाट पुल से जाना पड़ रहा है।
छह माह में बन जाएगा पुल
क्षतिग्रस्त पुलिया की जगह पुल बनाने का प्रस्ताव बनाकर मंजूरी के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय दिल्ली भेजा गया था। जिसकी स्वीकृति मिल गयी है। पुल व डायवर्जन बनाने में छह करोड़ की लागत आएगी। निर्माण कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लखीमपुर खीरी की देखरेख में कराया जाएगा। डायवर्जन बनाने का कार्य प्रगति पर है। पुल को बनाकर तैयार करने में कम से कम छह माह लग जाएगा। -शुभ नारायण, अधिशासी अभियंता, लखीमपुर