इकौना (श्रावस्ती)। जमुनहा तहसील को भी जल्द ही अपना विद्युत उपकेंद्र मिलेगा। यह घोषणा शनिवार को इकौना में नए विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास व भूमि पूजन करने आए विद्युत निगम के एमडी और ऊर्जा राज्यमंत्री ने की। इसके साथ ही भिनगा में निर्माणाधीन 132 केवीए उपकेंद्र को दो माह में शुरू और इकौना के उपकेंद्र को छह माह में पूरा कराने का आश्वासन दिया। इकौना ब्लॉक के पास में स्थित पुराने विद्युत उपकेंद्र भूमि पर शनिवार को ऊर्जा राज्यमंत्री यासर शाह व विद्युत निगम के एमडी एपी मिश्र ने 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र निर्माण को हरी झंडी दी। एमडी ने बताया की राज्यमंत्री की सिफारिश पर जमुनहा तहसील मुख्यालय पर 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र का निर्माण जल्द ही कराया जाएगा। भिनगा में कई वर्षों से निर्माणाधीन 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र का कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही इसे इकौना से जोड़कर आपूर्ति शुरू कराई जाएगी। शनिवार को जिस उपकेंद्र का शिलान्यास किया जा रहा है, उसे छह माह में पूरा करा कर आपूर्ति के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने वर्ष 2016 से इकौना नगर को 18-20 घंटे विद्युत आपूर्ति देने का आश्वासन भी दिया। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोगों को 2016 से 18-20 घंटे विद्युत आपूर्ति देने के लिए कटिबद्ध है। इस दौरान श्रावस्ती विधायक मोहम्मद रमजान, डीएम निखिल चंद्र शुक्ल, एसपी सालिग राम वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष जीतेन्द्र यादव, महमूद आलम नईमी, राम कुमार शुक्ल, डॉ. इकबाल, कुंवर सतेन्द्र मौजूद रहे।