बहराइच (ब्यूरो)। तराई में शनिवार को वर्षा व तेज हवाओं के बाद रविवार का मौसम खुशनुमा हो गया। सुबह तेज धूप निकली, जिससे ठंड का सामना कर रहे लोगों को बहुत राहत मिली। जिले के लोग सप्ताह भर से कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे थे। लग रहा था कि शायद ही मौसम के तीखे तेवर से निजात मिल सके। लेकिन रविवार सुबह चमकते सूरज ने तराईवासियों का इस्तकबाल किया। जिससे लोगों के चेहरे चमक उठे। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं ने मकान की छतों पर धूप सेंक कर दिन बिताया। वहीं स्कूलों में छुट्टी होने के चलते कुछ बच्चों ने खेल मैदानों में हॉकी और क्रिकेट खेलकर खुशनुमा मौसम का स्वागत किया। फसल अनुसंधान केंद्र के प्रभारी डॉ. एमवी सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। पश्चिमोत्तर दिशा में हवाएं पांच किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हैं। उन्होंने कहा कि 20 से 22 जनवरी तक पुन: बदली छा सकती है।