जरवलरोड (बहराइच)। जरवलरोड रेलवे स्टेशन के निकट एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह बरामद हुआ। उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं और हत्या की आशंका जताई जा रही है। वीडियोग्राफी के बाद जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया है। लखनऊ-गोरखपुर प्रखंड पर स्थित जरवलरोड रेलवे स्टेशन पर माल गोदाम के निकट लाइन नंबर एक पर बीचोबीच एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना कुछ लोगों ने स्टेशन अधीक्षक रामनरेश को दी। मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने मुआयना के बाद जीआरपी गोंडा को घटना से अवगत कराया। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर 11 बजे पहुंचे जीआरपी के सिपाहियों ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाया। मृतक की उम्र बमुश्किल 27 वर्ष के आसपास है। उसके सिर पर सिर्फ चोट के निशान हैं। पंचनामा करने वाले जीआरपी के सिपाहियों ने बताया कि अगर ट्रेन से युवक कटा होता तो उसका शरीर क्षत विक्षत होता। ऐसे में लग रहा है कि हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। काफी मशक्कत के बाद शव की शिनाख्त न होने पर वीडियोग्राफी के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोई भी कागज या मोबाइल न मिलने से मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।