बहराइच। जिले में 15 साल की आयु पूरी कर चुके वाहनों को परिवहन विभाग की ओर से कबाड़ घोषित करने की तैयारी में है। सरकार ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए यह निर्णय लिया है। विभाग की ओर से गत वर्ष 2022 में ही ऐसे वाहनों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जारी करने पर रोक लगा दी थी। अब विभाग की ओर से 66066 निजी, व्यावसायिक व सरकारी वाहनों को कबाड़ घोषित कर दिया गया है।सरकार ने 15 वर्ष पूरी कर चुके वाहनों को कबाड़ की श्रेणी में लाते हुए वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी है। सरकार की ओर से परिवहन विभाग को ऐसे वाहनों की सूची तैयार कर वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे।
सरकार के निर्देश के बाद विभाग की ओर से जिले के 66066 निजी व्यावसायिक व सरकारी वाहनों को चिन्हित कर वाहन स्वामियों को पत्र जारी कर वाहनों को स्क्रैप कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन इसके बावजूद ज्यादातर वाहन नियमों को ताक पर रखते हुए सड़कों पर फर्राटा भर रहें हैं।
विभाग अब ऐसे वाहनों के संचालन पर शिकंजा कसने की तैयारी में हैं। विभाग ने ऐसे वाहनों का फिटनेस समेत अन्य प्रमाणपत्रों के जारी करने पर पहले से ही रोक लगा दिया था।
इस दौरान विभाग ने सबसे पहले केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित 273 सरकारी वाहनों को कबाड़ की श्रेणी में लाते हुए सभी निलामी प्रक्रिया की कवायद शुरू की है। अब विभाग 15 वर्ष पूरी कर चुके व्यावसायिक वाहनों को कबाड़ घोषित कर वाहन स्वामियों को निलामी की जद मेें लाने के निर्देश दिए है।
15 वर्ष आयु पूरी कर चुके वाहनों की स्थित
निजी वाहन-64068
व्यावसायिक- 1725
सरकारी वाहन- 273
पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए सरकार की ओर से 15 वर्ष आयु पूरी कर चुके वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी है। ऐसे वाहनों के फिटनेस आदि का कार्य बंद कर दिया गया है। सरकारी वाहनों को स्क्रैप कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। अन्य वाहन स्वामियों को आयु पूरी कर चुके अपने वाहनों का स्क्रैप कराना अनिवार्य है।
राजीव कुमार, एआरटीओ प्रशासन